इन बसों में जहां गियर लीवर लगा हुआ है, उसके ठीक बगल में ही एक यात्री के बैठने की सीट लगी हुई है। ड्राइवर कृष्णपाल का कहना है कि इस सीट पर बैठा यात्री अगर अपना पैर इधर रखेगा तो लीवर से टच होकर कभी भी बस न्यूट्रल हो सकती है और चढ़ाई पर बड़ा हादसा हो सकता है।
बस चलाकर बीमार हो जाएंगे ड्राइवर
नई बस चलाने वाले ड्राइवर प्रेम सिंह रावत का कहना है कि यह बसें किसी भी ड्राइवर को बीमार कर सकती हैं। उनका कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसे गियर लीवर देखे हैं। यह इतने पीछे हैं कि बस चलाने वाले का कंधा दर्द करने लगता है। उस पर अगर कोई ड्राइवर छोटे कद का होगा तो उसे गियर बदलने को पीछे मुड़ना पड़ेगा, जिससे हादसा भी हो सकता है।
केंद्र के बीक्यूसी मानकों में नहीं रखा गया पहाड़ का ख्याल
अमर उजाला संवाद के दौरान यह बात सामने आई कि बसों की सीटों को लेकर नियामक संस्था एआरआई को पर्वतीय इलाकों में संचालित बसों के मानकों में बदलाव करना चाहिए। महाप्रबंधक तकनीकी दीपक जैन ने कहा कि वर्तमान में मैदानी व पर्वतीय इलाकों के लिए बस क्वालिटी कोड यानी बीक्यूसी के मानक एक जैसे हैं। यही वजह है कि पहाड़ों में बसों में गीयर लीवर आए दिन टूट रहे हैं। जो किसी भी दिन बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं।
परिवहन निगम की नई बसों के गीयर लीवर टूटने पर गाड़ियों की खरीद को लेकर ही सवाल खड़े होने लगे हैं। अमर उजाला संवाद में लोगों ने गाड़ियों के माडल को लेकर ही विभागीय अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर दिया। आरोप लगाया कि परिवहन निगम अधिकारियों ने वही गलती दोहरा दी, जो उन्होंने साल 2015 में की थी।
देहरादून महानगर सिटी बस सेवा महासंघ के अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल ने बस के माडल पर ही सवाल उठाते हुुए कहा कि परिवहन निगम ने साल 2015 में बीएस- 3 मॉडल की गाड़ियां खरीदी, जबकि बीएस- 4 मॉडल की गाड़ियां बाजार में आ गईं थीं। बीएस-3 मॉडल की गाड़ियों के पंजीकरण पर रोक लगा दी गई थी।
अब जबकि एक अप्रैल 2020 के बाद सिर्फ बीएस- 6 माडल की गाड़ियों का पंजीकरण होगा, तो अधिकारियों ने आनन फानन में बीएस- 4 माडल की गाड़ियों की खरीद कर डाली। यह अधिकारियों की मंशा पर कई सवाल खड़े करता है। साफ आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कंपनी अधिकारियों से साठगांठ करके बीएस-4 गाड़ियां खरीदीं।
इतना ही नहीं विजयवर्धन डंडरियाल ने कहा कि इन गाड़ियों को एक अप्रैल के बाद यदि खरीदा जाता तो न सिर्फ अत्याधुनिक बीएस- 6 मॉडल की गाड़ियां परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंती, वरन प्रदूषण के मानकों पर भी ये गाड़ियां खरी उतरतीं।
बता दें कि कई विभागीय अधिकारी, कर्मचारी भी बीएस-4 मॉडल की गाड़ियों की खरीद को लेकर दबी जुबान में सवाल उठा रहे हैं। इन अधिकारियाें का मानना है कि कंपनी ने सौदेबाजी में हेराफेरी करके पुराने मॉडल के गीयर लीवर वाली गाड़ियां भेज दी, जिसे किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराया जा सकता है।