द्रोणनगरी में आज अलग-अलग क्षेत्र के दिग्गजों का जमावड़ा लगेगा। राजनीति, कला, साहित्य, फिल्म, कारपोरेट जगत की जानी-मानी हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी। मौका होगा उत्तराखंड के विकास पर होने वाले ‘उत्तराखंड उदय-अमर उजाला संवाद’ का। संवाद में बात होगी नए उत्तराखंड के उदय की। मंथन होगा प्रदेश के विकास पर। सवाल पूछे जाएंगे सूबे की सियासत और विकास के पैमानों पर।
हरिद्वार बाईपास पर आईएसबीटी के पास स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में ‘उत्तराखंड उदय अमर उजाला संवाद’ में सुबह 9 बजे से 10 बजे तक पंजीकरण होंगे। इसके बाद अलग-अलग सत्र की शुरुआत होगी। फिल्म निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप की मुक्केबाज फिल्म की पूरी टीम संवाद का आकर्षण होगी।
इसके बाद सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रदेश में विकास की सोच सामने रखेंगे। वे अमर उजाला के पाठकों से भी रूबरू होंगे और उनके सवालों के जवाब देंगे। अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग क्षेत्र की हस्तियां न केवल प्रदेश के विकास पर अपनी सोच रखेंगी, बल्कि जनता से भी अलग-अलग माध्यमों से रूबरू होंगी।
वहीं amarujala.com पर सभी विशेषज्ञों की बात और उनसे पूछे गए सवाल लाइव देखे जा सकेंगे। कार्यक्रम समाचार प्लस चैनल पर भी प्रसारित होगा। कार्यक्रम में प्रथम सत्र के लिए सुबह 10 बजे तक ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। इसके बाद दिनभर अन्य सत्र चलते रहेंगे और सभी लोग हिस्सा ले सकेंगे।
यह होंगे खास मेहमान
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा, पतंजलि विद्यापीठ के सह संस्थापक आचार्य बालकृष्ण, मेक माय ट्रिप के दीपक रावत, एचसीएल टेक्नोलॉजी के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं संपर्क फाउंडेशन के सीईओ विनीत नायर, पेसेफिक ग्रुप के सीईओ अभिषेक बंसल, कोमियो मोबाइल्स के सीईओ संजय कुमार कालिरोना, आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी टेनफेक के प्रेसीडेंट-सीईओ के सेंथिल नाथन, मदर्स प्राइड स्कूल्स की चेयरपर्सन सुधा गुप्ता, फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप, अभिनेता जिम्मी शेरगिल, केके मेनन, जोया हुसैन, निशानेबाज गोल्डन ब्वाय जसपाल राना, बॉक्सर अखिल कुमार।