केदारावाला निवासी संजय सिंह रावत और उसके भाई नवीन के खिलाफ सहसपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की भूमि में घुसकर तोड़फोड़ करने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि देहरादून के डिफेंस कॉलोनी निवासी दिनेश कुमार बडोला (युद्ध सेवा मेडल, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर) ने शिकायत दी। शिकायत में कहा कि केदारावाला में उनकी पत्नी और बहन के नाम दर्ज भूमि पर ठेकेदार के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
आरोप है कि दोनों भाई लगातार उनकी निजी संपत्ति में अनधिकृत प्रवेश कर तोड़फोड़ करते हुए विवाद और कार्य में बाधा डाल रहे हैं। 27 अगस्त को चाहरदीवारी निर्माण के दौरान दोनों अपने साथियों के साथ पहुंचे और खुद को किसी संगठन का नेता बताते हुए उन्हें, उनकी पत्नी और ठेकेदार से गाली-गलौज, मारपीट और धमकी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आठ अक्तूबर को भूमि पर पहुंचने पर पेड़ तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया था। आरोपियों ने दोबारा मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।