फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सभी 100 वार्डों को विकास कार्यों के लिए मिलेंगे 40-40 लाख

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर निगम के अधीन सभी 100 वार्डों को विकास कार्यों के लिए 40-40 लाख रुपये की धनराशि मिलेगी। इसमें से 20 लाख नगर निगम सभी पार्षदों को देगा, जबकि शेष 20 लाख मेयर के अनुमोदन पर दिए जाएंगे। बुधवार को हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी निगम बोर्ड ने मुहर लगाई।
विज्ञापन

निगम सभागार में उन सभी पार्षदों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनका निधन पिछली बोर्ड बैठक के बाद हुआ। मेयर सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कुल 18 प्रस्तावों पर चर्चा हुई, जिसमें से 16 को बोर्ड ने अपनी मंजूरी दे दी। सभी वार्डों को 40-40 लाख की धनराशि के अलावा निगम को विशेष मामलों के लिए 10 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई। निगम के छोटे-मोटे कार्यों, तात्कालिक जरूरत वाले मामलों, कर्मियों के आवास समेत अन्य व्यवस्थाओं पर यह धनराशि खर्च की जाएगी। इस तरह बोर्ड ने कुल 50 करोड़ रुपये की धनराशि को स्वीकृति दी। इसके अलावा सभी वार्डों को सड़कों की तुरंत मरम्मत और पैच वर्क के लिए भी ढाई-ढाई लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई। बरसात के कारण कई वार्डों की सड़कों की हालत खराब है, जिसके कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मेयर गामा ने बताया कि सभी वार्डों में कोरोना जागरूकता के लिए काम किया जाएगा। इसके अलावा हंस फाउंडेशन के सहयोग से निगम को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिल रहे हैं। इनका भी जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने पर सहमति बनी।
विज्ञापन

बिंदाल और रिस्पना के किनारे लगाएंगे जाल
बोर्ड ने बिंदाल और रिस्पना नदी के किनारे ऊंचे जाल लगाए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे जहां लोग नदीं में कूड़ा और गंदगी आसानी से नहीं फेंक सकेंगे, वहीं किनारे पर रहने वाले लोगों की सुरक्षा भी होगी। बोर्ड से मंजूरी के बाद इस प्रस्ताव को अब वित्तीय स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
12 छूटे वार्डों में एक माह में लगेंगी स्ट्रीट लाइटें
शहर के 12 वार्ड ऐसे हैं, जहां स्ट्रीट लाइटों का काम आधा-अधूरा पड़ा है। इस पर बोर्ड ने कार्यदायी कंपनी को एक माह में काम पूरा करने के निर्देश दिए। बोर्ड ने कहा कि 88 वार्डों में काम पूरा हो चुका है, लेकिन वहां भी कई जगह लाइटें खराब पड़ी हैं। कंपनी जहां भी स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, उनकी तुरंत मरम्मत करे। इसके लिए कंपनी को एक माह का समय दिया गया।
मोहल्ला स्वच्छता समिति कर्मियों को नगद धनराशि
नगर निगम ने कोरोना के दौरान शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में अहम योगदान देने वाले सफाई कर्मियों को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया था। बुधवार को बोर्ड ने मोहल्ला स्वच्छता समिति के दैनिक कर्मियों को भी ढाई-ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। निगम के 500 से अधिक कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
दो प्रस्तावों को नहीं मिली मंजूरी
बोर्ड से दो प्रस्तावों को मंजूरी नहीं मिल सकी। कुछ पार्षदों ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किसी मार्ग का नाम वीर भड़ पुरिया नैथानी के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया। बोर्ड ने कहा कि यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला है, इसे स्मार्ट सिटी को भेजा जाएगा। वहीं, चमनपुरी में भीमराव आंबेडकर भवन व लाइब्रेरी निर्माण के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने अस्वीकार कर दिया। बोर्ड ने कहा कि निगम के पास इतनी भूमि उपलब्ध नहीं है।
मलिन बस्तियों को मालिकाना हक का प्रस्ताव
निगम बोर्ड ने मलिन बस्तियों को मालिका हक देने के प्रस्ताव को दोबारा मंजूरी दी। इससे पहले भी एक बार इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है। बोर्ड से मंजूरी के बाद अब प्रस्ताव को शासन को भेजा जाएगा, जहां से अंतिम फैसला लिया जाएगा। पार्षदों ने कहा कि जल्द से जल्द फैसला लेने के लिए शासन से वार्ता होनी चाहिए।
कई अन्य प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
ब्रह्मपुरी के पार्षद सतीश कश्यप ने ब्रह्मपुरी में बने 56 फ्लैट का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने और लॉटरी से आवंटन होने के बावजूद लोगों को अब तक कब्जा नहीं दिया गया है। इस पर बोर्ड ने एक हफ्ते के अंदर कब्जा देने पर सहमति दी। पार्षद कोमल वोहरा ने कहा कि कोविड काल में व्यापार बंद रहा है, इसलिए व्यापारियों को कर में 30 से 40 फीसदी तक की छूट मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पार्कों में निर्धारित पीला रंग ही लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कैंट क्षेत्र में पार्कों को केसरी रंग से रंगा जा रहा है। देविंदर पाल सिंह मोंटी ने प्रति वार्ड 20 ऑक्सीजन सिलिंडर और 10 कंसंट्रेटर का बैंक बनाने का प्रस्ताव दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें