मौसम विभाग ने उत्तराखंड के तीन जिलों में सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बाकी जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा के मुताबिक प्रदेश की राजधानी दून सहित उत्तरकाशी, नैनीताल में अपेक्षाकृत भारी बारिश का साया मंडरा रहा है।
हालांकि रविवार को इन जगहों पर बारिश से राहत ही रही, लेकिन अगले 24 घंटे यहां भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। प्रदेश के अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम या गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
इस सप्ताह 99 फीसदी अधिक बरसे मेघ
उत्तराखंड में इस सप्ताह खूब झमाझम हुई है। सामान्य से 99 फीसदी मेघ अधिक बरसे हैं। यह आंकड़ा केवल 17 जुलाई से 23 जुलाई के मध्य हुई बरसात का है।
इस बीच 200.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्यत: इस समयावधि में वर्षा का रिकार्ड 100.9 मिलीमीटर रहा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के इन आंकड़ों को मानें तो यह भी ध्यान देने लायक बात है कि अगर एक जून से 23 जुलाई के बीच बरसे बादलों का हिसाब-किताब करें तो मानसून की खबर राहत देने वाली है।
जहां मानसून के ढीले रहने की आशंका जताई जा रही थी, वह लगभग निर्मूल साबित हो रही है।
422.6 मिलीमीटर बरस चुके हैं बादल
मानसून लगभग सामान्य तक पहुंच चुका है। आंकड़े बताते हैं कि इस समयावधि में सामान्य रूप से बारिश की गति 473.3 मिलीमीटर रहती है।
अबकी बादल 422.6 मिलीमीटर बरस चुके हैं। स्थिति सामान्य की तरफ इशारा कर रही है। यहां आने वाला मौसम ठीक रहने की संभावना है।
अकेले देहरादून की बात करें तो नौ जुलाई से 16 जुलाई तक के बीच बारिश सामान्य से 23 प्रतिशत अधिक रही, हालांकि इसमें 16 जुलाई से लेकर 23 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान 26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।