रुड़की से आतंकी साजिश के आरोप में दबोचे गए चारों युवकों की प्लानिंग उत्तराखंड में छह जगह विस्फोट करने की थी। ये प्लान असफल होने पर प्लान बी भी तैयार था। इसके तहत इनका दूसरा मिशन अर्द्धकुंभ क्ष्रेत्र में भगदड़ मचाने का था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग हताहत हों।
इस क्षेत्र में विस्फोट का मकसद जहां ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना था, वहीं इस घटना से पूरे देश में सांप्रदायिक दंगा भड़काने का था। सूत्रों की मानें तो चारों युवकों से हुई पूछताछ में खुफिया एजेंसियों को यह अहम जानकारी मिली है।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हरिद्वार समेत उत्तराखंड आईएस के निशाने पर था। ये खुलासा अखलाकुर्रहमान और उसके मोड्यूल के सदस्यों ने किया है। अधिकारी ने बताया कि आतंकियों के कब्जे से करीब दो किलो बारूद बरामद किया गया है। कुछ वीडियो भी बरामद हुई हैं, जिसमें बम बनाने के तरीके बताए गए हैं।