प्रांतीय पुलिस सेवा के अफसर अजय सिंह देहरादून के नए एसपी सिटी होंगे। यहां पर तैनात नवनीत सिंह भुल्लर का तबादला कर दिया गया है।
शासन ने भी तबादला आदेश जारी किए
मंगलवार को गृहमंत्री प्रीतम सिंह के अनुमोदन के बाद देर शाम शासन ने भी तबादला आदेश जारी कर दिए। अजय सिंह को नया एसपी सिटी बनाया गया है।
अजय सिंह अभी तक आईआरबी-2 हरिद्वार में डिप्टी कमांडेंट के पद पर तैनात थे। दून के एसपी सिटी नवनीत सिंह भुल्लर को आपदा के लिए गठित बल स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स बटालियन में डिप्टी कमांडेंट बनाया गया है।
अप्रत्याशित नहीं है भुल्लर का जाना
एसपी सिटी नवनीत सिंह भुल्लर अफसरों की राजनीति का शिकार हो गए। शासन स्तर पर हर मौके पर हटाने की एक आला अफसर की पैंतरेबाजी का भुल्लर को पहले ही अहसास हो गया था।
उन्होंने फेसबुक पर कई दिन पहले अपनी रवानगी की बात लिख दी थी। हालांकि उनके स्थान पर आए अजय सिंह के लिए चुनौती कम नहीं है। उनकी तैनाती ऐसे समय में हुई, जब अनसुलझे अपराधों की लंबी फेहरिस्त हो गई है।
चोरों ने तो पुलिस की नाक में दम कर रखा है। नवनीत सिंह भुल्लर पर एक आला अफसर की नाराजगी भारी पड़ गई। भुल्लर भी यह बात स्वीकार कर रहे थे।
राजधानी में चोरी का हाहाकार
इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने नंदा राजजात यात्रा में जाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन एक अफसर ने उन्हें मना कर दिया था।
राजधानी में चोरी के हाहाकार में भले ही निचले स्तर पर किसी की गाज न गिरी हो, लेकिन एसपी सिटी की घेराबंदी में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी गई।
एक सप्ताह पहले ही साफ हो गया था कि नवनीत जा रहे है और अजय सिंह आ रहे हैं। अजय सिंह शहर में सीओ रह चुके हैं। वर्ष 2009 में हुए रणबीर एनकाउंटर के दौरान वह सीओ डालनवाला थे।