चाइना बॉर्डर पर लगातार मंडराते चीनी जहाजों ने भारत-चीन सीमा पर सरगर्मी बढ़ा दी है। सोमवार को वायु सेना के आला अधिकारियों ने सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
खबर है कि चीन की लगातार घुसपैठ को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई, हालांकि अधिकारी इसे महज औपचारिक मुलाकात बता रहे हैं। बैठक में जौलीग्रांट समेत राज्य के मौजूदा एयरपोर्ट और हेलीपैड को अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से सोमवार को एयर मार्शल एसबीपी सिन्हा, एयर मार्शल अरविंद बुटोला एवं मेजर बलराज मेहता ने सचिवालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने चर्चा के दौरान उन्हें बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं का विकास कर रही है।
राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां आपदा की आशंका हमेशा बनी रहती है। उन्होंने आपदा जैसी परिस्थितियों एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए एयरफोर्स एवं भारतीय सेना की सहायता की आवश्यकता बताई।