रुद्रप्रयाग जनपद की कालीमठ घाटी में बुधवार तड़के चार बजे भूकंप का हल्का झटका महसूस किया गया। सोमवार रात आए भूकंप के बाद से अब तक यहां कई झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 बताई गई है।
बुधवार तड़के चार बजे कालीमठ, कोटमा, खुन्नू, स्यांसू, ब्यूखी गांव में हल्का भूकंप का झटका महसूस किया गया। बीते दो दिनों में यहां तेज और हल्के कई झटके महसूस किए गए हैं। इससे कालीमठ घाटी के लोग सहमे हुए हैं।
ग्रामीण ओम प्रकाश भट्ट, संदीप भट्ट ने का कहना है कि जिस तरह से मकानों में दरारें पड़ी हैं, उससे डर लग रहा है। इधर, ऊखीमठ के नायब तहसीलदार वाईएस भंडारी ने राजस्व उप निरीक्षक के साथ कोटमा सहित अन्य गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम देवानंद ने बताया कि गांवों में अधिकांश घरों में दरारों की सूचना टीम की ओर से दी गई है।