आखिरकार लंबे इंतजार के बाद रोडवेज कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन सोमवार को जारी कर दिया गया। राज्य सरकार की ओर से 20 करोड़ रुपये का बजट आवंटित होने के साथ ही परिवहन निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया।
वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी की मार झेल रहे कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि कर्मचारियों ने यह भी मांग उठाई है कि सरकार व प्रबंधन को कर्मचारियों को मार्च माह का वेतन भी जल्द जारी कर देना चाहिए। बता दें कि कोरोना वायरस के चलते केंद्र व राज्य सरकार की ओर से लागू लॉक डाउन की वजह से परिवहन निगम की बसों का संचालन पूरी तरह से ठप है।
ऐसे में परिवहन निगम की आय ठप हो गई है, परिवहन निगम के पास बजट नहीं होने की वजह से प्रबंधन कर्मचारियों को वेतन देने में असमर्थ महसूस कर रहा था। ऐसे में परिवहन निगम प्रबंधन ने राज्य सरकार से बजट की मांग की। कर्मचारियों की समस्याओं और परिवहन निगम की माली वित्तीय हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सीधे हस्तक्षेप करते हुए परिवहन निगम प्रबंधन को 20 करोड़ रुपए का बजट आवंटित कराया।
आखिरकार बजट आवंटित होने के साथ ही कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन जारी कर दिया गया वेतन मिलने के साथ ही कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि फिलहाल कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन दिया गया है, लेकिन जिस तरह से कर्मचारियों की वित्तीय हालत खराब है उसे देखते हुए परिवहन निगम राज्य सरकार व परिवहन निगम को कर्मचारियों को मार्च माह का वेतन भी जल्दी जारी कर देना चाहिए।