स्वास्थ्य विभाग में संबद्धता पर काम कर रहे चिकित्सक, अफसर, कर्मचारियों को तत्काल अपने मूल तैनाती स्थल पर लौटना होगा। विभागीय मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देशों के बाद शनिवार को स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।
हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण समेत संबंधित विभागों के साथ बैठक की थी। बैठक में मंत्री ने स्वास्थ्य से संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए थे कि विभाग में अटैच अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाए। विभाग ने सभी मंडलीय और जिला स्तरीय अधिकारियों को उनके अधीन संबद्ध अधिकारी एवं कर्मचारी को बिना किसी देरी के अपने मूल कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने को कहा है।
विभाग की महानिदेशक ने सभी सक्षम प्राधिकारियों और आहरण-वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाए। जून और उसके बाद के महीनों का वेतन, संबंधित कर्मचारियों को उनके मूल तैनाती स्थल पर उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा।