वकीलों को अब एक लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी। आर्थिक सहायता 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी पर वकील उपचार के लिए आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपये एडवांस ले सकेंगे।
संविधान में हुआ संशोधन
दून बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को आमसभा में कई प्रस्तावों पर सहमति बनी। बार एसोसिएशन के सचिव रघुवीर सिंह कठैत ने कहा कि तीन बार हुई आम सभा में सहमति के बाद एसोसिएशन के संविधान में आवश्यक संशोधन कर दिया गया है।
इस दौरान निर्णय लिया गया कि चुनाव में बढ़ते खर्च को रोकने के लिए प्रत्याशी बैनर और पोस्टर नहीं लगाएंगे। वे विजिटिंग कार्ड और एसएमएस से चुनाव प्रचार कर सकेंगे।
बनेगी आचार संहिता
उन्होंने बताया कि बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड की तर्ज पर दून बार एसोसिएशन के लिए आचार संहिता बनाई जा रही है। आमसभा में पूर्व सचिव मुकेश महेंद्रा, राजेश शर्मा, चंद्रशेखर तिवारी, स्वराज रावत, अनिल गांधी, सुयश कुकरेती आदि मौजूद थे।