टीवी सीरियल्स, फिल्मों में मौका मिलने के बाद कलाकार जहां थियेटर को भूल जाते हैं, वहीं अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी का थियेटर को प्रति इतना लगाव है कि एक नाटक के दौरान वह पैर में फ्रैक्चर करा बैठी हैं। इसके बावजूद उनका अभिनय इतना कुशल रहा कि दर्शकों को लगा कि उनका फिसलना भी अभिनय का हिस्सा है।
अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी टीवी सीरियल्स और फिल्मों के ऑफर ठुकरा कर थियेटर को समय देती हैं। हाल ही में 26 जनवरी पर उन्होंने दिल्ली में नाटक किया। इसके साथ कुछ दिन पहले कानपुर में भी ‘द्रोपदी’ नाटक का मंचन किया। नाटक में हिमानी ने द्रोपदी की भूमिका निभाई।
तीन सप्ताह का बेड रेस्ट
हिमानी ने बताया कि द्रोपदी का किरदार निभाते-निभाते वह इतनी मग्न हो गईं कि उन्हें ध्यान नहीं रहा। मंच पर फिसलने की वजह से उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। हालांकि वह इतनी खूबसूरती से फिसली कि दर्शकों को इसका अंदाजा ही नहीं लग पाया कि वह फिसल गई हैं।
उन्होंने बताया कि कानपुर से दून आने का कार्यक्रम था, लेकिन पैर में फ्रैक्चर होने की वजह से मुंबई जाना पड़ा। डॉक्टर ने फिलहाल तीन सप्ताह का बेड रेस्ट बताया है। ऐसे में कुछ फिल्में जो साइन करनी थीं, वह भी लटक गई हैं।