उत्तराखंड क्रिकेट को मान्यता देने के लिए बीसीसीआई की पहल के बाद अब गेंद वापस उसी पाले में है। प्रदेश में कार्यरत चारों क्रिकेट एसोसिएशनों ने अपना प्रजेंटेशन बारी-बारी से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से भेजे गए संबद्धता कमेटी के दो सदस्यों के समक्ष रखा।
कमेटी में शामिल नागपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश दीक्षित और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर व भारतीय कोच रहे अंशुमान गायकवाड़ ने बैठक के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी रिपोर्ट बोर्ड अध्यक्ष को सौंपेंगे। बोर्ड के सूत्रों की मानें तो राज्य को मान्यता मिलना तय है पर किस एसोसिएशन को मान्यता दी जाएगी वह दोनों सदस्यों की रिपोर्ट और बोर्ड अध्यक्ष के हाथ में है।
बृहस्पतिवार को उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के दिव्य नौटियाल से मुलाकात करने के बाद एफिलिएशन कमेटी के दोनों सदस्यों ने सुबह 10 बजे उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। एसोसिएशन के सचिव चंद्रकांत आर्य ने बताया कि उन्होंने अपनी एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे कार्यों का ब्योरा रखा है।
दोनों सदस्यों का रिस्पॉस पॉजिटिव रहा है। इसके कुछ देर बाद यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी दोनों सदस्यों के समक्ष पहुंचे। एसोसिएशन की ओर से तीन युवा पदाधिकारियों ने मुलाकात की। इनमें रोहित चौहान, अवनीश वर्मा और संजय गुसाईं शामिल थे। तीनों ने दोनों सदस्यों के सामने अपना पक्ष रखा और राज्य को बीसीसीआई की मान्यता देने की वकालत की।
रिपोर्ट देखने के बाद बोर्ड करेगा फैसला
बीसीसीआई के सदस्यों ने मसूरी में बैठक की।
- फोटो : अमरउजाला
तीनों का कहना था कि क्रिकेट और खिलाड़ियों के बेहतरी के लिए हम किसी से भी मिलने को तैयार हैं। बाकी फैसला बीसीसीआई को लेना है। सबसे आखिरी में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पदाधिकारी सचिव पीसी वर्मा के नेतृत्व में आरपी ईश्वरन, अमित कपूर समेत कई लोग दोनों सदस्यों से मिलने पहुंचे। एसोसिएशन की ओर से आरपी ईश्वरन ने प्रजेंटेशन दिया और एसोसिएशन की ओर से किए गए कार्यों का ब्योरा रखा। चारों एसोसिएशन से मुलाकात के बाद दोनों सदस्य अपनी रिपोर्ट तैयार करके बोर्ड को सौंपेंगे। रिपोर्ट देखने के बाद बोर्ड तय करेगा कि मान्यता किसे देनी है।
इनका है कहना
उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई की एफिलिएशन कमेटी ने राज्य बनने के बाद चौथी बार बुलाया है। हमने अपना पक्ष रख दिया है। दोनों सदस्यों का रिस्पांस पॉजिटिव ही दिखाई दिया, बाकी भविष्य के गर्त में है।
-चंद्रकांत आर्य, अध्यक्ष उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन
हमारी एसोसिएशन की ओर से आरपी ईश्वरन ने दोनों सदस्यों को बताया कि क्रिकेट की बेहतरी के लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड काफी समय से काम कर रही है। हमारे पास ग्राउंड से लेकर खिलाड़ियों के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध है।
- पीसी वर्मा, सचिव क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड
बीसीसीआई की एफिलिएशन कमेटी ने सभी एसोसिएशन से बात कर ली है। अब उन्हें तय करना है कि किसे मान्यता देनी है। अगर हमसे बीसीसीआई किसी से मिलने को कहेगा तो हम तैयार हैं।
-दिव्य नौटियाल, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन
बीसीसीआई के दोनों सदस्यों के समक्ष प्रजेंटेशन के लिए हमारे तीन युवा पदाधिकारी गए थे। उन्होंने यही बात रखी कि खिलाड़ियों के भविष्य के लिए राज्य को बीसीसीआई की मान्यता जरूरी है। बाकी फैसला बोर्ड को लेना है। हम हर फैसले के लिए तैयार हैं।
-राजेंद्र पाल, यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन