- सेलाकुई-सहसपुर में एआरटीओ प्रवर्तन की कार्रवाई
- शिमला बाइपास पर भी चलाया वाहनों की जांच का अभियान
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। उप संभागीय परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने सहसपुर-सेलाकुई व शिमला बाइपास मार्ग पर वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने आठ ई-रिक्शा का यातायात उल्लंघन में चालान कर दिया। इसके अलावा तीन डंपर समेत 11 अन्य वाहनों को ओवरलोडिंग में सीज कर दिया।
परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाते हुए पंजीकरण, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस व टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। टीम ने क्षेत्र में नियम विरुद्ध संचालित हो रहे ई-रिक्शाओं पर कार्रवाई करते हुए आठ पर चालान की कार्रवाई की जबकि चार को सीज कर दिया। इसी क्रम में ओवरलोडिंग कर चल रहे तीन डंपर, एक यूटिलिटी व सात अन्य वाहनों को सीज कर आसपास के थाना व चौकियों के सुपुर्द कर दिया।
एआरटीओ प्रवर्तन अनिल नेगी ने बताया कि प्रतिबंधित मार्ग पर ई-रिक्शा चालकों को न चलने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। साथ ही ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन दल लगातार कार्रवाई कर रहा है। प्रवर्तन दल में मोहम्मद मुर्सलीन, भवान तोमर, दीपक कुमार, बृजमोहन चंदेल मौजूद रहे।