डिग्री कॉलेज में प्राचार्य से वार्ता करते एनएसयूआई कार्यकर्ता।
- फोटो : VIKAS NAGAR
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को डाकपत्थर में वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य का घेराव किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय ने बीए और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट में कॉलेज के करीब 35 छात्रों को अनुपस्थित दिखाया है।
जबकि, इन सभी छात्रों ने पेपर दिए हैं। रिजल्ट में अनुपस्थित दिखाए जाने के कारण यह छात्र अब थर्ड सेमेस्टर में भी प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। छात्रों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कहा कि यदि छात्रों की अंकतालिका में सुुधार नहीं होता तो छात्रों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। छात्र नेता ऋषभ चौहान ने कहा कि एक माह पूर्व प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट जारी हो चुका है। इसके बावजूद अब तक अंकतालिका में सुधार नहीं किया गया है। छात्रों को अंकतालिका में सुधार के लिए रोजाना कॉलेज और विवि के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
छात्रों को जानकारी नहीं दी जा रही है कि यदि रिजल्ट में अनुपस्थित दिखाया गया है तो गलती कॉलेज स्तर पर हुई है या फिर विवि स्तर पर। छात्र नेता फरमान अहमद ने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं होता तो उन्हें आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। घेराव करने वालों में छात्र नेता ऋषभ चौहान, फरमान अहमद, समीर अंसारी, सनवर हसन, कविता चौहान, मोहित, अजीत, साहिल, काजल, विशाल, आरजू आदि शामिल रहे।
प्राचार्य डॉ. जीसी बडोनी ने कहा कि इस संबंध में लगातार विवि प्रशासन से वार्ता की जा रही है। जल्द ही रिजल्ट में सुधार किया जाएगा।