दिल्ली से धनोल्टी घूमने जा रहे पर्यटकों की कार मसूरी से करीब छह किलोमीटर दूर किमोई खाले के पास 300 फीट गहरी खाई में जा समाई। हादसे में एक पांच माह के मासूम बच्चे और दो पुरुषों की मौत हो गई। जबकि कार सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
लंढौर कम्यूनिटी अस्पताल में महिलाओं का इलाज चल रहा है जहां उनकी हालत नाजुक है। मरने वाले दोनों पुरुष इन दोनों के पति थे। परिवार दिल्ली में विजय वासन कॉलोनी का रहने वाला था।
घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। मसूरी से आगे धनौल्टी के रास्ते पर बाटाघाट टोल चौकी के पास पर्यटकों की कार संख्या एचआर 26 बीजी 1031 बेकाबू होकर तीन सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में सवार पांच माह के अर्जुन और उसके पिता रिंकू मलिक (32) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जगबीर (33) ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।