होली के दिन डूबने की छह अलग-अलग घटनाओं में चौकी इंचार्ज और तीन छात्रों सहित आठ लोगों की मौत हो गई। काठगोदाम मल्ला चौकी प्रभारी अमरपाल सिंह (34) होली खेलने के बाद शनिवार शाम करीब चार बजे नहाने के लिए गौला बैराज में चले गए। दारोगा के साथ पुलिस प्राधिकरण का कर्मचारी दीपक कुमार और जल पुलिस का जवान प्रताप गढ़िया भी थे।
अचानक व्योम डूबने लगा। उसे बचाने के लिए रितेश नदी में कूद गया। व्योम को बचाने के प्रयास में रितेश भी नदी में डूब गया। उनके साथियों के शोर मचाने पर वहां ग्रामीण और पुलिस के जवान पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों को नदी से निकालकर टनकपुर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। व्योम और रितेश 9वीं में पढ़ते थे।
शारदा बैराज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत ने बताया कि कुछ छात्र 18 मार्च को शारदा नदी तट पर पिकनिक मनाने गए थे। फागपुर निवासी अनुज कुमार (16) पुत्र ललित शारदा नदी के तट पर नहाते समय डूब गया। वह दसवीं कक्षा में पढ़ता था। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि शनिवार शाम करीब 3:30 बजे एसडीआरएफ ने अनुज का शव बरामद किया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
जिला शाहजहांपुर यूपी के खटियाटोला निवासी आशु श्रीवास्तव (26) पुत्र राजेश श्रीवास्तव शनिवार को अपने साथियों के साथ मां पूर्णागिरि धाम दर्शन करने आए थे। लौटते समय वह अपने साथियों साथ बूम आश्रम के पास नदी में नहाने गए। जहां आशु डूब गए। टनकपुर के सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. मो. उमर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही आशु की मौत हो गई थी। वह एक कंपनी में कार्यरत थे।
रुद्रपुर में गंगापुर रोड स्थित एक तालाब में नहाने गए शाहजहांपुर (यूपी) निवासी अंकित सिंह (24) की डूबने से मौत हो गई। वह यहां जगतपुरा में किराए का कमरा लेकर रहते थे और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित एक मोबाइल की दुकान में काम करते थे। शुक्रवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ होली खेलने के लिए गया हुआ था। तभी गंगापुर रोड स्थित एक तालाब में वह नहाने लगे। बताया जा रहा है कि साथियों के मना करने के बावजूद वह तालाब में नहाने की जिद करते रहे। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।