थानाध्यक्ष महादेव उनियाल ने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। बड़ेथी चुंगी के पास पुलिस के रोकने पर भी वह नहीं रुका। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार खाई में गिरी, दो युवकों की मौत
बैजरो-पोखड़ा-कोटद्वार मोटर मार्ग पर काणाखेत के पास एक कार के खाई में गिरने से उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। उनके परिजनों ने आपसी समझौता कर शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बीरोंखाल ब्लाक के किशाणों गांव निवासी अरविंद सिंह पुत्र दिलवर सिंह (25) अपनी नई कार से शनिवार देर शाम अपने गांव किशाणों से घनियाखाल जा रहा था। रास्ते में उससे पोखड़ा ब्लाक के ग्राम घंडियाल निवासी सुरेश कुमार पुत्र नंदलाल (25) ने लिफ्ट ली।
कुछ दूर जाने के बाद काणाखेत के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात तक अरविंद के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। रात को अंधेरा अधिक होने के कारण उसका पता नहीं चला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने एक बार फिर उसको ढूंढना शुरू कर दिया। कुछ देर खोजबीन करने के बाद कार काणाखेत के पास करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी नजर आई।
मौके पर पहुंचे लोगों ने कार के अंदर दोनों युवकों को मृत पड़े देखा। ग्रामीणों ने दोनों की शिनाख्त अरविंद सिंह और सुरेश कुमार के रूप में की। दोनों के परिजनों ने दुर्घटना के कारण मौत होने पर आपसी लिखित समझौते के बाद शव को अपने-अपने गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।