सेना में बतौर जवान भर्ती होकर फिर अफसर बनने वाले जांबाज सैनिकों के आर्मी कैडेट कॉलेज (एसीसी) का 106वां बैच शुक्रवार को पास आउट हुआ। कार्यवाहक कमांडेंट मेजर जनरल वाईएस महिवाल ने बैच के 55 कैडेट्स को स्नातक की डिग्री देकर सम्मानित किया।
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून के एसीसी से तीन वर्ष की शैक्षणिक प्रशिक्षण के बाद अब यह कैडेट आईएमए में एक साल की प्री-कमीशन मिलिट्री ट्रेनिंग लेंगे। कोर्स में हरियाणा रेवाड़ी के राकेश यादव ओवर आल मेरिट में टॉपर रहे।
सेना के तीनों अंगों थल, वायु और नौसेना में भर्ती होने वाले सैनिक अंतर सर्विस चयन प्रक्रिया और स्टाफ सलेक्शन बोर्ड की कड़ी परीक्षा बाधाओं को पार कर आर्मी कैडेट कॉलेज में पहुंचे हैं। सैनिक से अफसर बनने के दौरान उन्हें जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई करवाई जाती है।
हरियाणा के राकेश यादव बने सर्वश्रेष्ठ कैडेट
ग्रेजुएशन सेरिमनी में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय से 20 विज्ञान और 35 आर्ट्स कैडेट को स्नातक डिग्री प्रदान की। मेजर जनरल वाईएस महिवाल ने कहा कि कठिन परिस्थितियों से जूझकर इन युवाओं ने एसीसी से पास आउट होकर नया मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि एसीसी से पास आउट कैडेट ने सैन्य इतिहास में परंपराओं को निर्वाह करते हुए अदम्य साहस की कई मिसाल बनाई हैं।
इससे पूर्व एसीसी की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कमांडेंट ने कोर्स में अकादमिक, खेल, कैंपस, अनुशासन और अन्य गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को चीफ आफ आर्मी स्टाफ तथा कमांडेंट मेडल से सम्मानित किया। समारोह में एसीसी के कमांडर ब्रिगेडियर निलेश नंदन ने कॉलेज की रिपोर्ट रखते हुए बताया कि विज्ञान स्नातक कमल शर्मा और कला स्नातक में मनोज मनिक्कन टॉपर रहे।
कोर्स में ओवर आल टॉपर रेवाड़ी के राकेश यादव रहे, जिन्हें चीफ आफ आर्मी स्टाफ गोल्ड मेडल मिला। ग्रेजुएशन सेरिमनी में पास आउट हुए कैडेट्स के परिवार के सदस्यों भी शामिल हुए।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मिले मेडल
देहरादून। आर्मी कैडेट कालेज (एसीसी) के 106वें बैच में हरियाण के कैडेट राकेश यादव ने टॉप किया है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें चीफ आफ आर्मी स्टाफ गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) से बीएससी डिग्री धारकों में राहुल शर्मा टॉपर रहे। बीए के कोर्स में मनोज मनिक्कन ने टॉप किया। 55 के बैच में इस बार उत्तराखंड के 6 कैडेट्स पास आउट हुए हैं।
इन्हें मिले मेडल
सीओएएस गोल्ड मेडल- राकेश यादव
सीओएएस सिल्वर मेडल- वरुण प्रताप सिंह
सीओएएस ब्रांज मेडल- सुनील राणा
कमांडेंट सिल्वर मेडल
सर्विस विषय में प्रथम- एम जॉनसन
बीए में प्रथम- मनोज मनिक्कन
बीएससी में प्रथम- राहुल शर्मा