चुनाव के दौरान दीवारों, सार्वजनिक संपत्तियों को पोस्टरों, बैनरों से पाट देने वाले राजनीतिक दलों के लिए आम आदमी पार्टी के टिहरी संसदीय सीट प्रत्याशी अनूप नौटियाल ने नजीर पेश की है।
मतदान के अगले ही दिन नौटियाल ने कार्यकर्ताओं संग शहर में सफाई अभियान के जरिये पोस्टर हटाना शुरू कर दिया।
पूरे लोकसभा क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक पार्टी कार्यकर्ता नौटियाल के पोस्टर हटाएंगे।
बैगों में भरा गया सारा कचरा
बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सहारनपुर चौक पर शिवाजी धर्मशाला के पास एकत्र हुए।
यहां पार्टी के टिहरी सीट प्रत्याशी अनूप नौटियाल ने यहां एक बंद दुकान के शटर पर लगे अपने दो पोस्टर हटाकर अभियान की शुरुआत की।
यहां से कार्यकर्ता मातावाला बाग, पटेलनगर पहुंचे और दुकानों, दीवारों पर लगे पोस्टर, बैनर हटा दिए। सारा कचरा बैगों में भरा गया।
शहर के सभी क्षेत्रों में चलाएंगे अभियान
इस दौरान नौटियाल ने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि कार्यकर्ता अभियान के दौरान टकराव से बचने के लिए सिर्फ अपनी पार्टी के ही पोस्टर, झंडे, बैनर निकालें।
बताया कि शुक्रवार से पार्टी की अलग-अलग टीमें शहर के सभी क्षेत्रों में अभियान चलाएंगी।
अभियान में कमल देवराड़ी, ओंकार भाटिया, रणवीर चौधरी, सिद्घांत रतूड़ी, विशाल कुमार, विशाल चौधरी, संजय भट्ट, सृष्टि, पिंकू भाटिया आदि मौजूद रहे।
चुनाव के दौरान पोस्टर लगाने की परंपरा आम
बता दें कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी, पार्टी और चुनाव चिह्न की जानकारी आम जनता को देने के लिए पोस्टर लगाने की परंपरा आम है।
लेकिन, राजनीतिक कार्यकर्ता दीवारों को पोस्टरों से पाटकर गंदा कर देते हैं और चुनाव बाद भूल जाते हैं।
ऐसे में आप की यह पहल अन्य दलों के लिए भी अनुकरणीय मानी जा सकती है।