देहरादून। साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम ऐप के जरिए एक युवती को निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच देकर 11.77 लाख की ठगी कर ली। शिवलोक कॉलोनी निवासी शालिनी थपलियाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साइबर ठगों ने उन्हें हाई रिटर्न निवेश स्कीम का झांसा दिया था। उनकी शिकायत के आधार पर रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
शालिनी के अनुसार, ठगों ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर कम समय में अधिक लाभ कमाने का भरोसा दिलाया। विश्वास में आने के बाद उन्होंने विभिन्न खातों में रकम जमा करानी शुरू की। इस दौरान कुल 11 लाख 77 हजार 24 रुपये साइबर ठगों के खातों में चली गई। इनमें 92,600 रुपये यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से तथा 10,84,424 रुपये बैंक ट्रांसफर के जरिए भेजे गए।
जब निवेश की गई रकम वापस नहीं मिली और मुनाफे के नाम पर लगातार नए भुगतान की मांग की जाने लगी, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने ई-जीरो एफआईआर भी दर्ज कराई है और संबंधित बैंक को भी पूरे प्रकरण की जानकारी दी है। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से धनराशि के ट्रेल और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया और टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश संबंधी प्रस्तावों से सतर्क रहने की सलाह दी है।