- मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। जिला और पंचायत स्तर पर विजय डॉक्यूमेंट तैयार होगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय 2047 विजन डॉक्यूमेंट की तर्ज पर सभी जिलाधिकारियों को इसे तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा, पंचायत स्तर, खण्ड स्तर और जनपदों के विजन डॉक्यूमेंट की दिशा में शीघ्र कार्य किया जाए। इसके लिए आवश्यक वर्कशॉप भी शीघ्र आयोजित कराई जाएं। जिला योजना के लिए जिला योजना समितियों को बैठकें मार्च माह तक अनिवार्य रूप से करवा ली जाएं। इसके लिए अभी से होमवर्क शुरू किया जाए ताकि योजनाओं को समय से पूरा करने के लिए पहले से तैयारी रहे। उन्होंने कहा कि जिला योजना में शामिल किए जाने वाले संभावित कार्यों की प्रक्रिया के पहलुओं को पूरा कराते हुए प्रस्ताव तैयार करवा लिए जाएं।
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा, उद्यान विभाग, कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग को जिला स्तर पर खरीद के लिए शक्तियों का विकेंद्रीकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, खरीद के लिए मूल्य निर्धारण के साथ ही एक वर्ष के बजाए दो से तीन वर्षों के लिए मूल्य निर्धारित करने जैसे उपायों का भी परीक्षण कराया जा सकता है। वहीं, आम जनमानस की समस्याओं के निस्तारण के लिए यदि जिला योजना की गाइडलाइंस और नियमों में सुधार की आवश्यकता है तो किए जाने चाहिए। जन जन की सरकार में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण के लिए भी योजनाएं तैयार की जाएँ, साथ ही कार्य प्रकृति के अनुरूप जिला एवं राज्य योजना में शामिल करवाया जाए। उन्होंने राज्य सेक्टर एवं डीएपी, सीसीएस आदि की मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित कराई जाएं। सीएस ने आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जिला स्तर पर मासिक समीक्षा के भी निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने राजकीय महिला विद्यालयों में आठ मार्च तक शौचालय निर्माण और इसकी सफाई व्यवस्था के लिए ठोस योजना तैयार करने के एक बार फिर से निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बीवीआरसी. पुरुषोत्तम, चंद्रेश कुमार यादव, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय आदि मौजूद रहे।