अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, जिलाधिकारी आशीष चौहान, जिला आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार समेत अधिकारियों व कर्मचारियों ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शीर्षासन कर अपनी फिटनेस और योग के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। उनकी फिटनेस की लोगों ने तारीफ की और वे सभी के बीच चर्चा का विषय बन गया। मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देश इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। नियमित योग से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव से मुक्ति व सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी होता है।
जिला मीडिया प्रभारी व आईटी एक्सपर्ट डॉ. डीसी पसबोला ने बताया कि कार्यक्रम में देहरादून के दूरस्थ क्षेत्रों हनोल (महासू), त्यूणी, लाखामंडल, चकराता में भी आयुष विभाग की ओर से योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। साथ ही आयुष विभाग के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम कराए गए।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन व अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम है। योग हमें अनुशासन, संतुलन व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।