देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र में एक राह चलते व्यक्ति का मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले भी वसंत विहार में मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। हाल ही में वह पैरोल पर जेल से छूटकर आया था।
विज्ञापन
कैंट पुलिस के अनुसार शुभम निवासी मित्रलोक कॉलोनी बृहस्पतिवार को किशननगर चौक के पास से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे आए एक युवक ने उनका मोबाइल छीन लिया और भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। शुभम ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। यहां से उन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ लोगों से पूछताछ की। इंस्पेक्टर कैंट विद्याभूषण नेगी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को दबोचा लिया गया है। आरोपी का नाम राहुल थापा निवासी नया गांव है। पूछताछ में पता चला है कि वह पहले भी वसंत विहार पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लूट के ही मामले में जेल में बंद था, लेकिन लॉकडाउन के दौरान उसे पैरोल मिली थी।