विधिक सेवा प्राधिकरण और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने सेलाकुई में मेडिकल स्टोर पर मारा। औषधि लाइसेंस प्रस्तुत न करने समेत कई अनियमितता मिलने पर एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। वहीं, एक्सपायर दवाई मिलने, गंदगी और रिकाॅर्ड व्यवस्थित न होने पर छह मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया।
सोमवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीमा डुंगराकोटी और औषधि निरीक्षक ड्रग्स इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह राणा ने सेलाकुई और सहसपुर में 10 मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। सरस्वती क्लीनिक सेलाकुई के निरीक्षण में फ्रिज खराब होने के कारण कोल्ड चेन व्यवस्थित नहीं मिली। मेडिकल स्टोर में एक्सपायर दवाइयों को अलग नहीं रखा गया था। टीम ने मेडिकल स्टोर को बंद करवा दिया। वहीं, धनवंतरी मेडिकल स्टोर में संचालक ड्रग लाइसेंस नहीं दिखा पाए। मेडिकल स्टोर में काफी गंदगी थी। मानक के अनुसार पर्याप्त दवाइयां भी नहीं थी। टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।
हेल्थ केयर मेडिकल एजेंसी में खुदरा लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं करवाया गया था। कई दवाइयां भी एक्सपायर मिलीं। नारकोटिक्स ड्रग का रिकाॅर्ड भी उपलब्ध नहीं था। टीम ने मेडिकल एजेंसी को बंद करवा दिया। संजीवनी मेडिकोज के निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले। कई दवाइयां एक्सपायर मिलीं। जानवारी की दवाइयों के क्रय-विक्रय का रिकाॅर्ड व्यवस्थित नहीं था। टीम ने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को एक माह के लिए निलंबित कर दिया। वहीं, संजीवनी केमिस्ट स्टोर, सलमान मेडिकल स्टोर और लाइफ केयर फार्मेसी में भी अनियमितता मिली। टीम ने इनके क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी।
औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा ने बताया कि अनियमितता पाए जाने पर एक मेडिकल स्टोर को सील किया गया है। स्पष्टीकरण देने और व्यवस्था में सुधार करने तक छह मेडिकल स्टोर बंद करवाए गए हैं। टीम में विनोद जगूड़ी, निधि रतूड़ी, सीमा बिष्ट चौहान आदि शामिल रहे।