क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र निवासी एक दंपती से 6.44 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष मोहन सिंह के मुताबिक ठग ने पति और पत्नी दोनों को बारी-बारी ठगी के जाल में फंसाया। पीड़ित चिकित्सक हैं। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार दिसंबर को उन्हें अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि वह इंटरनेट बैंकिंग के लिए उनका लाॅगइन बनाने में मदद करना चाहता है। व्यक्ति ने खाते संबंधी जानकारी मांगी तो उन्होंने बिना कुछ बताए फोन काट दिया। युवक खुद को बैंक का अधिकारी बता रहा था। इसके बाद व्यक्ति ने उन्हें वाट्सएप पर मैसेज और कुछ एपीके फाइल भेजनी शुरू कर दीं। इसके बाद भी उन्होंने नजरअंदाज किया और उससे आगे कोई बातचीत नहीं की।
पांच दिसंबर को उनके फोन पर लेनदेन के लिए कई ओटीपी मिलने लगे। उन्होंने अपने खाते व क्रेडिट कार्ड की कोई भी जानकारी साझा नहीं की। शक होने पर उन्होंने तत्काल बैंक को फोन करके अपना खाता फ्रीज करने के लिए कहा। तब तक ठगों ने उनके व उनकी पत्नी के खाते से 6.44 लाख रुपये निकाल लिए।