थाना क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रशर में मुंशी पद पर कार्यरत एक व्यक्ति पर फर्म के करीब 15 लाख रुपये गबन कर फरार होने का आरोप लगा है। आरोप है कि मुंशी ने माल का भुगतान फर्म के बजाय अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि झज्जर (हरियाणा) के बेरी निवासी संजय कुमार देवभूमि स्टोन क्रशर में मैनेजर हैं। उन्होंने थाने में दी तहरीर में बताया कि सहारनपुर के बेहट निवासी अरुण कुमार बीती जनवरी से क्रशर में मुंशी के पद पर कार्यरत था। उसका काम पार्टियों से भुगतान लेना, लेजर में हिसाब दर्ज करना और वाउचर तैयार करना था। हिसाब-किताब में गड़बड़ी की आशंका होने पर जब वाउचर और लेजर का मिलान किया गया, तो कई फर्जी वाउचर सामने आए। इन वाउचरों पर संबंधित पार्टियों और कर्मचारियों के हस्ताक्षर तक नहीं थे।
आरोप है कि स्टोन क्रशर से बेचे गए माल का जो भुगतान फर्म के खाते में आना था, उसे आरोपी ने अपने बैंक खाते में मंगा लिया। 17 हजार रुपये मासिक वेतन पाने वाले इस मुंशी के बैंक खाते में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की बात सामने आई है। जब इस संबंध में आरोपी अरुण कुमार से पूछताछ की गई, तो उसने अगले दिन पूरा हिसाब देने का झांसा दिया। इसके बाद वह फर्म के करीब 15 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। वर्तमान में उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।