सहसपुर के बैरागीवाला में बहुचर्चित भाजपा नेता विनोद हत्याकांड में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी अमन और दो अन्य को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों ने हाईवे स्थित एक होटल में शरण ली थी। मामले में अब तक कुल नौ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
बैरागीवाला गांव में 13 जून को पुरानी रंजिश से खेत में पानी छोड़ने के दाैरान हुए विवाद के बाद भाजपा नेता विनोद कुमार और उनके दो भाइयों पर आरोपियों ने हमला कर दिया था। हरबर्टपुर स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद की मौत के बाद मामले ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। हत्याकांड में आरोपी बनाए गए बैरागीवाला के अमन, रज्जाक, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा।
घटना के बाद गांव में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा हुआ और भीड़ ने एक आरोपी के मकान में आग लगा दी थी। इस दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसके बाद हालात काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान और दो दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कराया था। साथ ही गांव में चिह्नित अन्य अवैध अतिक्रमणों पर भी बुलडोजर चलाया गया था।
एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि बैरागीवाला हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सहसपुर पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार उत्तराखंड के बाहर भी दबिश दे रही थीं। अब पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इस मामले में रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज, इम्तियाज और इंतेजार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
-
इन्सेट
तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई है और कई स्थानों पर छापेमारी की गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य फरार लोगों के बारे में भी अहम जानकारियां मिली है। शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-