देहरादून। कोरोना संक्रमित मरीजों के बढ़ते आंकड़े से राजधानी समेत पूरे राज्य में विस्फोटक स्थिति बनती नजर आ रही है। पिछले 24 घंटे के भीतर राजधानी दून समेत पूरे जिले में 991 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं राज्य में 2197 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में 2166 संक्रमित मरीजों का सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि पिछले 24 घंटे के भीतर राजधानी दून समेत पूरे जिले में 991 मरीजों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। हालांकि उनका यह भी कहना है कि कंप्यूटर में डाटा फीडिंग करते एक दिन पहले का भी आंकड़ा जुड़ जाने की वजह से आंकड़ा 991 तक पहुंचा है। पिछले 24 घंटे के भीतर 7447 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया है। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अब तक जिले में कुल 2066406 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की जा चुकी है। 116612 कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज किया जा चुका है। अब तक जिले में कोरोना से कुल 3556 कोरोना मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, इनमें 632 ऐसे मरीज शामिल हैं जो दूसरे राज्यों से आए थे।
पांच सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम गठित
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो, इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के निर्देश पर विशेषज्ञों की पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत का कहना है कि टीम में वरिष्ठ पल्मोलाजिस्ट डॉ. अनुराग अग्रवाल, डॉ. नारायणजीत सिंह, डॉ. निधि उनियाल, डॉ. अतुल कुमार को शामिल किया गया है।