वसंत विहार स्थित एक बुटीक की संचालिका के चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 9.50 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर एक महिला के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर वसंत विहार प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि न्यायालय को शिकायत बल्लूपुर कॉलोनी की रहने वाली रश्मि बहल ने की है। बहल यहां पर माडर्न फैशन बुटीक का संचालन करती हैं। उन्होंने कोर्ट को बताया कि वर्ष 2021 में उनके कुछ ब्लैंक चेक गुम हो गए थे। इसकी रिपोर्ट उन्होंने आईएसबीटी चौकी और फिर आईडीबीआई बैंक कारबारी ग्रांट में की थी। बैंक ने इन चेक को रद्द कर दिया था। लेकिन, कुछ समय बाद पता चला कि उनके खाते से एक महिला पटेलनगर निवासी सुष्मा शर्मा ने 9.50 लाख रुपये निकाल लिए हैं। इसके लिए उसने रश्मि के चेक पर फर्जी हस्ताक्षर किए थे।
Dehradun News: चिटफंड सोसाइटी एलयूसीसी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज
इसके बारे में जब सुष्मा से पता किया गया तो वह टाल-मटोल करने लगी। यही नहीं जब दबाव डाला तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगी। इसके बाद रश्मि ने चौकी, थाना और फिर एसएसपी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस पर उन्होंने न्यायालय को शिकायत की। न्यायालय की शिकायत के आधार पर सुष्मा शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रश्मि का आरोप है कि ये चेक सुष्मा को बैंक को की गई शिकायत के पहले ही मिल गए थे। इसमें से एक का प्रयोग कर उसने यह रकम उनके खाते से निकाल ली थी।I