मिश्रित युगल के फाइनल में पहुंची कुहू की जोड़ी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। उत्तराखंड की कुहू गर्ग और रोहन कपूर की जोड़ी गुवाहाटी में चल रही राष्ट्रीय सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के मिश्रित युगल वर्ग के फाइनल में पहुंच गई है। फाइनल में कुहू की जोड़ी का मुकाबला शनिवार को ओलंपियन एम अत्री व मनीषा की जोड़ी के साथ खेला जाएगा। टूर्नामेंट में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है।
शुक्रवार को मिश्रित युगल के सेमीफाइनल में कुहू ने दिल्ली के रोहन कपूर के साथ खेलते हुए विग्नेश देवलकर और वी हरिका की जोड़ी को 21-15 व 21-16 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, महिला युगल में कुहू की जोड़ी को कांस्य पदक हासिल हुआ। इससे पहले महिला युगल के सेमीफाइनल में कुहू की जोड़ी का सामना मेघना व एस राम की जोड़ी से हुआ। जहां उन्हें 13-21 व 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा पुरुष एकल के क्वार्टर सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने ओलंपियन पी कश्यप को 21-15 व 21-17 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इससे पहले एयर इंडिया के आर्यमान टंडन को सीधे सेटों में 21-14 व 21-16 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। लक्ष्य ने सीनियर नेशनल चैंपियनशिप के पुरुष एकल में 2016 में रजत व 2017 में कांस्य पदक जीता था। इन सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष अलकनंदा अशोक, उपाध्यक्ष बीएस मनकोटी व सचिव पुष्कर जैन समेत समस्त उत्तराखंड बैडमिंटन परिवार ने बधाई दी है।