पुरोला। मोरी ब्लॉक के आराध्य सोमेश्वर महादेव 18 वर्ष बाद पुरोला के शिकारू गांव पहुंच रहे हैं। सोमेश्वर महादेव की इस महायात्रा को लेकर जैसाण थोक के 15 गांवों ने भव्य तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार को विधायक राजकुमार की अध्यक्षता में बैठक कर ग्रामीणों ने आराध्य के स्वागत की तैयारियों पर चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि 25 दिसंबर को सोमेश्वर महादेव जैसाण थोक के करड़ा गांव में पहुंचेंगे। गांव में रात्रि विश्राम करने के बाद देवता 26 को शिकारू गांव के लिए रवाना होंगे, जहां जैसाण थोक के खलाड़ी, नेत्री, चंदेली, ढकाड़ा, कुफारा, मैराणा, शिकारू, दणमाणा, चपटाड़ी, पुजेली, रतेड़ी आदि गांवों के ग्रामीण भव्य मेले का आयोजन करेंगे। दो दिनों तक देवता की पूजा करने के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन भी होगा। बैठक में सांसद प्रतिनिधि दिनेश खत्री, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश गुसाईं सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
माघ मेले की तैयारी बैठक 22 को
उत्तरकाशी। पौराणिक माघ मेला की तैयारियों के लिए 22 दिसंबर को जिला पंचायत में बैठक होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने बताया कि 14 जनवरी से माघ मेले का आयोजन होना है। इसकी तैयारियों पर चर्चा के लिए 22 दिसंबर को बैठक की जाएगी। उन्होंने लोगों से बैठक में शामिल होकर माघ मेले के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव देने की अपील की।