ब्यूरो/अमर उजाला/ देहरादून।
तिब्बती समुदाय ने बृहस्पतिवार को ‘भूखों को खाना, भारत को धन्यवाद’ थीम पर थैंक्यू इंडिया कार्यक्रम आयोजित करके भारत का धन्यवाद किया। इस दौरान शुक्रवार को होने वाले दलाई लामा के 83वें जन्मदिन की तैयारियां और भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समुदाय के लोगों ने अपने-अपने अंदाज में भारत के प्रति अपनी खुशी जाहिर की।
तिब्बती समुदाय धर्मगुरु दलाई लामा के 83वां जन्मदिवस शुक्रवार धूमधाम से मनाने का निर्णय किया है। इस क्रम में समुदाय के लोगों ने बृहस्पतिवार को भंडारे का आयोजन किया भारत को धन्यवाद और भूखों को खाना कार्यक्रम आयोजित किया। इसके अलावा रायपुर में पशुओं को भी भोजन दिया। इस आयोजन में समुदाय के हजारों लोगों समेत शहर के कई लोगों ने हिस्सा लिया। बंदोबस्त अधिकारी नोरबू ने कहा कि भारत के साथ हमारा सदियों का रिश्ता है। भारत के विकास के लिए समुदाय का सहयोग हमेशा ही रहा है और रहेगा। नोरबू ने कहा कि 60 साल में भारत ने तिब्बती समुदाय के लोगों को बच्चे की तरह पाला हैै। इस दौरान येशी तेनजिंग, दोरजी तेनजिंग, कर्मा राफेल, कर्मा, ताशी दोरजी आदि मौजूद रहे।
नोरबू के अनुसार दलाई लामा के 86वें जन्म दिवस पर शुक्रवार को रायपुर, राजपुर रोड, मांडुवाला, मसूरी, सुभाषनगर आदि जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें समुदाय के महिला, बच्चे, बुजुर्ग सभी लोग हिस्सा लेंगे। इस मौके पर तिब्बतन यूथ की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे और दिव्यांगजन भी प्रस्तुति देंगे। पैसिफिक मॉल में केक काटकर दलाई लामा का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके अलावा शहरभर में 30 हजार लड्डू बांटे जाएंगे।