ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
बाईचुंग भूटिया फुटबाल स्कूल की ओर से आयोजित की जा रही द्वितीय देहरादून यूथ फुटबाल लीग अंडर-14 में अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए।
शनिवार को जोगीवाला स्थित जीसी जुयाल स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में लीग आधार पर मैच खेले गए। बालक अंडर-14 वर्ग के पहले मैच में रुद्रप्रयाग ट्रैकर्स ने पौड़ी ग्रेनिडियर्स को 4-0 से शिकस्त दी। रुद्रप्रयाग के पूरण ने तीन और सार्थक ने एक गोल किया। दूसरे मैच में अल्मोड़ा रॉकर्स ने बागेश्वर सेवर्स को 1-0 से हराया। अक्षय डबराल ने टीम के लिए एकमात्र गोल किया। तीसरे मैच में नैनीताल लेकर्स ने चंपावत वारियर्स को 2-1 से हराया। नैनीताल के कुशाग्र चौधरी और जय चौधरी व चंपावत के अभय नेगी ने एक-एक गोल किया। दिन के अंतिम मुकाबले में पिथौरागढ़ क्लाइंबर्स ने ऋषिकेश राफ्टर्स को 3-0 से हराया। पिथौरागढ़ के लिए वैभव बहुगुणा, ऋषिकेश राय व ज्ञानेंद्र बिष्ट ने एक-एक गोल किया।
वहीं, अंडर-17 वर्ग में चमोली ट्रिपर्स और देहरादून के बीच खेला गया मैच गोलरहित ड्रा रहा। दूसरे मैच में हरिद्वार ने टिहरी डायनमोस को 3-0 से हराया। हरिद्वार के अनुराग ने हैट्रिक जमाई। बालक अंडर-12 वर्ग में कॉर्बेट टाइगर्स व गंगोत्री अल्पाइर्स के बीच खेला गया मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा। कार्बेट टाइगर्स के शुभम डोबरियाल ने दोनों गोल किए। वहीं, गंगोत्री अल्पाइनर्स के लिए वंश और कृष्णा ने एक-एक गोल दागा।