ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) का परिणाम सोमवार को जारी करेगा। इस साल आईआईटी की प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस के लिए 2.24 लाख अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद यह चयनित अभ्यर्थी जेईई एडवांस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। इसके साथ ही सीबीएसई कॉमन मेरिट लिस्ट (सीएमएल) भी जारी करेगा, जिसके आधार पर आईआईटी को छोड़कर बाकी तकनीकी संस्थानों में दाखिले होंगे।
सीबीएसई ने जेईई मेन ऑफलाइन का आयोजन आठ अप्रैल और ऑनलाइन का आयोजन 15 व 16 अप्रैल को कराया था। परीक्षा की आंसर की, 24 अप्रैल को जारी की गई थी। 27 अप्रैल तक देशभर से आपत्तियां मांगी गई थी। बोर्ड के मुताबिक, 30 अप्रैल को जेईई मेन का परिणाम जारी किया जाएगा। इस परिणाम से जेईई एडवांस के लिए चयन होगा। जो अभ्यर्थी जेईई एडवांस के लिए चयनित हो जाएंगे, उन्हें दो मई से सात मई के बीच ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आठ मई तक शुल्क जमा करा सकेंगे। इसके बाद 14 मई से 20 मई के बीच परीक्षा के एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। जेईई एडवांस ऑनलाइन का आयोजन देशभर में 20 मई को किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल भी 100 अंकों के आसपास जेईई मेन की कटऑफ रहेगी।