ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
नंदा और गौरा देवी कन्या धन योजना के मर्ज होने के बाद गौरा देवी योजना का लाभ पाने को समाज कल्याण और महिला बाल विकास विभाग के चक्कर काट रही साल 2017 में आवेदन करने वाली जनपद की 3400 बालिकाओं के लिए राहत की खबर है। शासन स्तर पर यह निर्णय लिया गया है कि साल 2017 में गौरा देवी योजना में आवेदन करने वाली बालिकाओं का पैसा समाज कल्याण विभाग देगा। इसके लिए जल्द ही शासन से 25 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि गौरा देवी योजना के तहत 12वीं पास करने वाली छात्राओं को 51 हजार समाज कल्याण विभाग देता था। नंदा देवी कन्या धन योजना के तहत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग सबसे पहले बेटी के जन्म पर पांच हजार रुपये उसके खाते में और इसके बाद दस हजार की एफडी उसके नाम पर की जाती थी। जून, 2017 में सरकार ने नंदा और गौरा देवी योजना को मर्ज कर दिया था। जिसमें कन्या को सिर्फ 51 हजार रुपये दिए जाने का निर्णय हुआ। इस योजना के बाद ये धनराशि कन्या को जन्म से लेकर विवाह तक टुकड़ों में दी जाएगी।
इसके बाद साल 2017 में गौरा देवी योजना के तहत आवेदन करने वाली 3400 बालिकाओं का पैसा फंस गया था। बालिकाएं दोनों विभागों के चक्कर काट रही थी, अब आठ माह बाद जाकर शासन स्तर पर निर्णय हुआ कि इन बालिकाओं का पैसा समाज कल्याण विभाग ही देगा। इसके लिए शासन स्तर से जल्द ही 25 करोड़ का बजट जारी किया जाएगा। वहीं, 2018 में आवेदन करने वाली बालिकाओं को मर्ज योजना के हिसाब से पैसा मिलेगा।
................................
योजना मर्ज होने पर ऐसे मिलेगा लाभ
.....................................................
जन्म के समय- 5000 रुपये
एक वर्ष की आयु पूर्ण होने पर- 5000 रुपये
कक्षा आठ उत्तीर्ण करने पर- 5000 रुपये
कक्षा दस उत्तीर्ण करने पर- 5000 रुपये
कक्षा बारह उत्तीर्ण करने पर- 5000 रुपये
डिप्लोमा-स्नातक उत्तीर्ण करने पर- 10 हजार रुपये
विवाह के समय- 16 हजार रुपये
.........................
गौरा देवी के आवेदन (साल 2017 के)
सामान्य जाति- 2000
एससी - 800
एसटी -600
..........................
परेशान छात्राएं पहुंची विभाग
बोक्सा जनजाति की करीब आठ कन्याएं बुधवार को समाज कल्याण विभाग पहुंची। उनका कहना था कि वर्ष 2017 में बाहरवीं कर ली थी। विभाग में समय पर आवेदन भी कर दिया था। तब से कभी समाज कल्याण, कभी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तो कभी ब्लॉक स्तर पर चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पैसा कब मिलेगा, मिलेगा भी कि नहीं, कोई उचित जवाब नहीं मिल रहा है। ऊषा और सुषमा ने कहा कि इन योजनाओं के भरोसे गरीब बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन समय से पैसा कभी मिलता ही नहीं।
........................
कोट::
गौरा देवी कन्या धन योजना में साल 2017 में आवेदन करने वाली बालिकाओं का पैसा समाज कल्याण विभाग की ओर से दिया जाएगा। शासन स्तर पर इस संबंध में फैसला ले लिया गया है। 25 करोड़ रुपये का बजट जल्द जारी हो जाएगा।
राम बिलास यादव, अपर सचिव, समाज कल्याण