कृषि मंत्री के मुताबिक राज्य को पहली किस्त के रूप में 25 करोड़ तीन दिन के भीतर मिलेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश में जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ की जाएगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा, योजना के लिए केंद्र सरकार से उत्तराखंड को 90 करोड़ रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिव राज सिंह चौहान से मुलाकात के दौरान उन्होंने पहली किस्त के रूप में 25 करोड़ रुपये तीन दिन के भीतर जारी करने का आश्वासन दिया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलकर उन्हें बताया कि गौचर, चमोली में किसान संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घेरबाड़ योजना के लिए 90 करोड़ रुपये दिए जाने की घोषणा की थी। इस पर केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया गया कि शीघ्र ही धनराशि अवमुक्त की जाए ताकि योजना का लाभ किसानों को समय पर मिल सके। जोशी ने कहा, केंद्रीय मंत्री को उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर के दर्शन के लिए उत्तराखंड आने का आमंत्रण दिया।