प्रबंध समिति के खिलाफ शिक्षकों का आंदोलन शुरू
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। सनातन गर्ल्स इंटर कॉलेज में विद्यालय प्रबंधन समिति पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। शिक्षकों ने शनिवार को घंटाघर से कॉलेज तक जुलूस निकालकर समिति के खिलाफ नारेबाजी की। विद्यालय के कार्यालय में तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोक झोंक भी हुई।
शिक्षक संघ संगठन के जिलाध्यक्ष संजय बिजल्वाण ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति वरिष्ठ शिक्षिका अर्चना रानी की उपेक्षा कर रही है, जिसके चलते उन्हें विद्यालय प्रधानाचार्य का पद भार नहीं दिया जा रहा है। समिति मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेशों का भी उल्लंघन कर रही है। जिला मंत्री अनिल नौटियाल ने कहा प्रबंधन समिति नियम विरुद्ध निर्णय ले रही है। ऐसी प्रबंधन समिति को भंग कर प्रशासक नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासक नियुक्त नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बताया कि नियम विरुद्ध पद दिए जाने का संज्ञान लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी एसबी जोशी ने पूर्व में प्रबंधन समिति को नोटिस भी जारी किया था।
वहीं भारतीय दलित साहित्य अकादमी मसूरी के अध्यक्ष सुनील सोनकर, छावनी परिषद के सभासद बादल प्रकाश, सोनू कुमार, वाल्मीकि समाज उन्नयन के सचिव मनोज कुमार आदि ने भी शिक्षक संगठन को समर्थन दिया है।
प्रदर्शन करने वालों में प्रांतीय संरक्षक पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष प्रेम सिंह सजवाण, पूर्व प्रांतीय महामंत्री ईवी कुमार, प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय विश्नोई, जिला कोषाध्यक्ष ललित मोहन सकलानी, दिनेश ढोबरियाल, विजयपाल जगवाण, अनीता नेगी, सैम्युल चंद आदि शिक्षक और अन्य संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।