हरिद्वार। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां आज रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हरकी पैड़ी स्थित गंगा में प्रवाहित की जाएंगी।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित कई विशिष्ट और अति विशिष्ट लोग उपस्थिति रहेंगे। पड़ोसी राज्यों से भी भारी संख्या में लोगों के आने का अनुमान है। प्रशासनिक स्तर पर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अस्थि कलश यात्रा के दौरान देहरादून-हरिद्वार मार्ग पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
भल्ला कालेज से शुरू होगी अस्थि कलश यात्रा
हरिद्वार। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की अस्थि कलश यात्रा रविवार को भल्ला कालेज से शुरू होगी। इस यात्रा में तमाम वीवीआईपी के साथ ही उत्तराखंड, यूपी और दिल्ली तक से भारी संख्या में लोगों के आने की संभावनाओं के मद्देनजर प्रशासन दिनभर तैयारियों में जुटा रहा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अफसरों और भाजपा नेताओं के साथ तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विगत16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री का दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। रविवार को उनका अस्थि कलश हरिद्वार लाया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार वाजपेयी परिवार के सदस्य सुबह सवा दस बजे हवाई मार्ग से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से करीब साढ़े दस बजे हैलीकॉप्टर से भल्ला कालेज हरिद्वार में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद अस्थि कलश यात्रा भल्ला कालेज से ही हरकी पैड़ी के लिए रवाना होगी। हरकी पैड़ी पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन होगा। इसके बाद अस्थियों को ब्रह्मकुंड पर गंगा में विसर्जित किया जाएगा।
प्रशासनिक स्तर पर चल रहीं तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद शनिवार को हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, महामंत्री (संगठन) संजय कुमार, शांतिकुंज के प्रमुख डॉ. प्रणव पंड्या सहित अन्य लोगों के साथ व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान डीआईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी दीपक रावत और एसएसपी कृष्ण कुमार वीके सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
अखिलेश ही कराएंगे अटलजी की अस्थियों का प्रवाह
हरिद्वार। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों का प्रवाह एवं अन्य कर्मकांड उनके तीर्थ पुरोहित पंडित अखिलेश शास्त्री द्वारा ही कराया जाएगा। पुरोहित होने का दावा कर रहे दो अन्य शैलेष मोहन एवं उपेंद्र भक्त के पास अटलजी के परिवार के नाम वाला रिकार्ड नहीं मिला है, जबकि अखिलेश के पास कई बार उनके परिजन अस्थियां लेकर आ चुके हैं।
गौरतलब है कि पूर्व पीएम वाजपेयी ने कभी भी अपने पुरोहित की बही में अपना नाम दर्ज नहीं कराया। इसके विपरित उनके परिवार के अनेक सदस्य गंगा स्नान एवं कर्मकांड के लिए अपने पुरोहित के पास आते रहे हैं। अखिलेश शास्त्री लश्कर (ग्वालियर) के पुरोहित हैं। उनकी बही के अनुसार कई बार अटलजी के भतीजे और भाई कर्मकांड कराने आए और नाम दर्ज कराया।