ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
गुरुद्वारा श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब, पटेल नगर की ओर से शुक्रवार को निरंजनपुर स्थित जीआरडी एकेडमी में छात्रों के लिए गुरुमत सवाल-जवाब परीक्षा और गुरु वाणी शबद कीर्तन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गुरु गोबिंद सिंह महाराज के साहिबजादों एवं माता गुजर कौर की शहादत, गुरु इतिहास, गुरु वाणी और गुरु सिखी से संबंधित सवाल पूछे गए।
प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के चार से 18 वर्ष के 85 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विजेताओं को शनिवार रात को सजने वाले दीवान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। आज सुबह 10 बजे से जीआरडी एकेडमी में साबत सूरत दस्तार सिरा मुकाबला होगा। पटेल नगर गुरुद्वारा में शाम सात बजे से रात 10:30 बजे तक दीवान सजेगा। इस दौरान खालसा पंथ की एकता, चढ़दी कला, गुरु वाणी और गुरु इतिहास की जानकारी दी जाएगी। गुरुद्वारा प्रधान गुरमीत सिंह दुग्गल ने बताया कि विजेताओं को एक लाख तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जगजीत सिंह, मुख्य ग्रंथी शमशेर सिंह, गुरमीत सिंह बग्गा, रविंद्र सिंह, हरमिंदार सिंह, रमिंद्र सिंह गोल्डी, जीएस बिंद्रा, विरेंद्र पाल सिंह मौजूद थे।