ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नए साल के जश्न के लिए राजधानी में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 31 दिसंबर की रात शहरभर में धमाल मचेगा और इसके लिए तैयारियां भी कमाल की हैं। शहर के होटल, रेस्त्रां और रिजॉर्ट से लेकर गली-मोहल्लों में खाने से लेकर पार्टी तक की व्यवस्था रहेगी। कहीं सेलिब्रिटी धमाल मचाने आ रहे हैं तो कहीं बाहर से आ रहे शेफ खाने का जायका बढ़ाएंगे। कहीं कसीनो थीम पर पार्टी का आयोजन होगा तो किसी पार्टी में बिना ड्रेस कोड के एंट्री नहीं दी जाएगी। राजधानी में 31 दिसंबर की रात नए साल के जश्न के लिए कहां क्या इंतजाम किए जा रहे हैं आइये हम आपको बताते हैं...
--
होटल सैफ्रॉन लीफ : कसीनो स्टाइल में होगी पार्टी
जीएमएस रोड स्थित रोड होटल सैफ्रॉन लीफ में न्यू ईयर का जश्न कसीनो स्टाइल में मनाया जाएगा। थीम बेस्ड इस पार्टी के लिए ब्लैक एंड रेड ड्रेस कोड भी रखा गया है। होटल मैनेजर विनोद श्रीवास्तव ने बताया कि न्यू ईयर पर मल्टी क्विजीन बनाए जाएंगे। साथ ही काटेज चीज स्टिक विद बार्बी क्यू सॉस, पाश्ता विद वोदका सॉस, कूंगपो चिकन के जायके के साथ नए साल का जश्न मनेगा। यहां यहां खाने के 150 आइटम होंगे और पार्टी रात आठ बजे शुरू हो जाएगी। सेलिब्रिटी डीजे खुशबू कपूर के धुन पर लोग डांस का लुत्फ उठाएंगे। साथ ही दक्ष बैंड अपनी लाइव परफॉरमेंस से पार्टी में चार चांद लगाएगा।
--
हॉट स्पॉट रेस्त्रां : सेलिब्रिटी बच्चे मचाएंगे धमाल
वसंत विहार स्थित हॉट स्पॉट रेस्टोरोंट में न्यू ईयर पार्टी कुछ अलग अंदाज में होगी। यहां एक टीवी शो के बाल कलाकार धमाल मचांएगे। रोस्टोरेंट मालिक मनोज राठी ने बताया कि 31 दिसंबर की रात डांस इंडिया डांस फेम विकेश की प्रस्तुति खास होगी। साथ ही एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा शो में रनरअप रही टीम भी कलकत्ता से आ रही है।
--
होटल मधुबन : बाहर के शेफ लगाएंगे तड़का
राजपुर रोड स्थित होटल मधुबन में हर साल नए अंदाज में न्यू ईयर का जश्न मनाया जाता है। इस बार भी 31 दिसंबर की रात यहां अलग अंदाज में पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। बाहर से आ रहे शेफ खाने के जायके में नया तड़का लगाएंगे। मैनेजर हिमांशु ने बताया कि इस बार अफ्रीका के शेफ खास डिश बनाएंगे। न्यू ईयर की पार्टी में हवाइया सलाद आकर्षण का केंद्र होगा।
--
औरा किचन एंड स्पिरिट्स : सबकुछ अनलिमिटेड
जीएमएस रोड स्थित औरा किचन एंड स्पिरिट्स में न्यू ईयर पार्टी के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। औरा किचन के मालिक किरन जोशी और अमित जोशी ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए 31 दिसंबर की रात औरा किचन में तीन हजार रुपये में सबकुछ अनलिमिटेड मिलेगा। न्यू ईयर की पार्टी में मुंबई का बैंड लाइव प्रस्तुति देगा, जिसपर लोग जमकर धमाल मचा सकेंगे।
--
अपनी कम्युनिटी के बीच मनाएंगे जश्न
कुछ लोग अपनी कम्यूनिटी के लोगों के बीच ही न्यू ईयर का जश्न मनाएंगे। इसके लिए उन्होंने पार्टी प्लानर से बुकिंग भी कराई है। प्लानर विशाल वेदी के अनुसार, लोग अपने मोहल्लों में छोटी-छोटी पार्टियां करने वाले हैं। जो थीम बेस्ड होंगी। कहीं रेट्रो थीम है तो कहीं वेस्टर्न थीम की पार्टी रखी गई है। 31 दिसंबर के लिए लोगों ने पहले से सजावट और फूड की बुकिंग करा ली है।
--
नए साल पर बर्फबारी के आसार नहीं
देहरादून। नए साल पर इस वर्ष सैलानियों को प्रदेश में बर्फ के दर्शन नहीं होंगे। नए साल के शुरुआती तीन-चार दिनों तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में धूप खिली रहेगी। अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में भी धूप खिलेगी। नए साल के मौके पर राज्य के कई इलाकों में बर्फबारी होती है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में पर्यटक नया साल मनाने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचते हैं। विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटक बर्फबारी का खूब मजा लेते हैं। लेकिन इस वर्ष शायद वह बर्फबारी के मजे नहीं ले सकेंगे। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, चार जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। पांच जनवरी को हालांकि, मौसम में बदलाव होगा, जिसके बाद बारिश भी हो सकती है। इसके बाद अगले ही दिन मौसम दोबारा साफ हो जाएगा।