पौड़ी (ब्यूरो)। राज्य वित्त आयोग की संस्तुति के आधार पर ग्राम पंचायतों के अंश में कटौती किए जाने के विरोध में सोमवार (आज) को जिले के समस्त ग्राम प्रधानों की ओर से मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के सम्मुख धरना-प्रदर्शन के बाद सामूहिक इस्तीफा पेश किया जाएगा।
प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष जगपाल सिंह नेगी ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश भर के मुख्य विकास अधिकारी कार्यालयों के सम्मुख आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत सभी ग्राम प्रधान धरना-प्रदर्शन कर अपना त्यागपत्र जिला पंचायतीराज अधिकारी के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजेंगे। नेगी ने बताया कि पौड़ी मुख्यालय पर यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से विकास भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचने वाले ग्राम प्रधान शिरकत करेंगे।