देहरादून। निजी बीएड कॉलेजों में केवल उन्हीं छात्रों को एडमिशन दिया जाएगा जो कि रेगुलर क्लास में आएंगे। नॉन अटेंडिंग स्टूडेंट्स को मौका नहीं मिलेगा। एसोसिएशन ऑफ सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट से जुड़े सभी निजी बीएड कॉलेजों ने एकजुटता के साथ यह फैसला लिया है। वहीं, कॉलेजों में 20 से 30 अगस्त के बीच ही एडमिशन होंगे।
एसोसिएशन ऑफ सेल्फ फाइनेंस इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि एनसीटीई ने हाल ही में बीएड स्टूडेंट्स के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य कर दी है। इसके तहत सभी निजी बीएड कॉलेजों ने यह फैसला लिया है कि छात्र की उपस्थिति 80 प्रतिशत होनी ही चाहिए। क्लास में न आने वाले या शॉर्टकट में एडमिशन लेने वाले छात्रों को मौका नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि इस साल से गढ़वाल विवि ने परिसरों और निजी कॉलेजों में एडमिशन का एक ही समय निर्धारित किया है जो कि स्वागत योग्य है। इससे सत्र नियमित होगा। 19 अगस्त तक सभी निजी कॉलेज गढ़वाल विवि की प्रवेश परीक्षा पास करने वाले छात्रों से आवेदन मांगेंगे। इन आवेदनों की मेरिट लिस्ट बनाकर 20 अगस्त को यूनिवर्सिटी में दाखिल करनी होगी। 20 से 30 अगस्त के बीच मेरिट के आधार पर ही एडमिशन होंगे। जो छात्र 19 तक आवेदन कर देगा और किसी कारण से मेरिट वाले छात्र का प्रवेश नहीं हो पाया तो उस छात्र का प्रवेश एसोसिएशन सुनिश्चित कराएगी।