साइबर ठग ने एक महिला से 75 हजार रुपये ठगे हैं। ठग ने महिला का मकान किराए पर लेने की बात कही थी। इसके बाद एडवांस किराया भेजने के नाम पर उन्हें क्यूआर कोड भेजा और फिर उसे स्कैन कराकर तीन बार में 75 हजार रुपये ठग लिए। मामले में वसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महिला के अनुसार उनके पति गुड़गांव में रहते हैं। गत चार जनवरी को उनके पति ने बताया कि अलीगढ़ की रहने वाली एक महिला घर किराए पर लेना चाहती है। घर के बारे में उन्हें हाउसिंग डॉट कॉम पर पता चला था। महिला आर्मी में है और किराया एडवांस देना चाहती है। अगले दिन एडवांस पेमेंट देने के लिए एक व्यक्ति से बात करवाई और व्यक्ति के कहे अनुसार प्रोसेस करने को कहा गया। वीडियो कॉल में बात करने वाला व्यक्ति आर्मी कैडेट लग रहा था। उसने झांसा देकर क्यूआर कोड भेजा। उसने पहले पांच रुपये भेजे और चेक करने को कहा।
पांच रुपये बेटे के अकाउंट में आ गए। इसके बाद 25 हजार रुपये भेजने की बात कहते हुए क्यूआर कोड भेजा और स्कैन करने को कहा। ऐसा करने पर 25 हजार रुपये अकाउंट से कट गए। पैसा कटने की बात पूछी तो बताया कि गलती से कट गए हैं। दोबारा क्यूआर कोड भेज कर स्कैन करने को कहा, जिससे 25 हजार फिर से कट गए। इस तरह तीन बार में 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।