देहरादून। विदेश से गिफ्ट भेजने और फिर कस्टम में पैसा भरने के नाम पर महिला से एक लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। महिला से ठग ने फेसबुक पर दोस्ती की थी।
शिकायतकर्ता अनिता थापा निवासी अमन विहार चिड़ोवाली ने बताया कि फ्रैड राबिन्सन नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर 15 अक्तूबर 2020 को दोस्ती का ऑफर किया। व्यक्ति ने खुद को इंग्लैंड का निवासी बताया था। रिकवेस्ट स्वीकार करने के बाद व्हाटसअप के जरिये बात होने लगी। बातचीत के दौरान व्यक्ति ने विदेश से गिफ्ट भेजने की बात कही। 27 अक्तूबर 2020 की सुबह फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह इंदिरा गांधी एयर पोर्ट कोरियर डिलीवरी सर्विस से बात कर रहा है। उसने कहा कि विदेश से पार्सल आया है। इसके लिए 25 हजार रुपये चार्ज देना होगा और एक बैंक खाता नंबर दिया। उसके झांसे में आकर अनिता ने पेटीएम से 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 75 हजार रुपये और लिए गए। इस तरह से कुल एक लाख रुपये ले लिए। इस मामले में रायपुर थाने ने मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।