आने वाले सात दिनों में प्रदेश में पारा उफान पर होगा। मौसम विभाग ने 17 अप्रैल से आगामी 72 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में पांच से सात डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जाएगी।
प्रदेश के मैदानी इलाके आने वाले दिनों में भयंकर गर्मी की चपेट में आने वाले हैं। तापमान सीधे 39 से 41 डिग्री तक पहुंचने वाला है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 17 अप्रैल से प्रदेश के दो हजार मीटर से कम ऊंचाई वाले सभी इलाकों में गर्मी अपना असर दिखाएगी।
मैदानी इलाकों में 17 अप्रैल से आगामी 72 घंटे तेज गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को गर्मी में बचकर रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल के बाद से मौसम में फिर परिवर्तन हो सकता है। प्रदेशभर में हल्की बारिश से पारे में गिरावट आने का अनुमान है।