ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
दूसरी अखिल भारतीय टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार को हुए मुकाबलों में अटैक इलेवन और एचसीए ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। अटैक इलेवन ने ठाकुर इलेवन को 90 रन और एचसीए ने टीसीए को 56 रनों से शिकस्त दी।
प्रेमनगर स्थित राम राज क्रिकेट एकेडमी में पहले मुकाबले में अटैक इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 190 रन बनाए। कार्तिक नेगी ने 53, अभिषेक सिंह ने 51, गगन ने 37 रन बनाए। ठाकुर इलेवन के लिए मुकेश ने तीन और सुनील ने दो विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी ठाकुर इलेवन की पूरी टीम 17 ओवर में 100 रनों पर ढेर हो गई। सनी ने 30 और विपुल ने नाबाद 28 रन बनाए। अटैक इलेवन के आशीष व अभिनव ने तीन-तीन, मनोज ने दो और सचिन व आयुष ने एक-एक विकेट चटकाया।
दूसरे मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एचसीए ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 180 रन बनाए। शोभित ने 64 और भानु प्रताप ने 52 रन बनाए। तारा क्रिकेट क्लब (टीसीसी) के लिए गौरव और सिकंदर ने तीन-तीन विकेट चटकाया। टीसीसी की पूरी टीम 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी। सागर ने 30, मोहित ने 21 और धर्मेंद्र व सिंकदर ने 15-15 रन बनाए। एचसीए के भानु प्रताप ने पांच रन देकर तीन विकेट और गौरव ने दो विकेट चटकाए।