शहर में 10 जगह लगाए जाएंगे छोटे कूड़ा निस्तारण केंद्र
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राजधानी को साफ रखने व कूड़ा करकट के समुचित निस्तारण को लेकर शहर के प्रमुख स्थानों पर कम क्षमता के ‘सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट’ लगाने की तैयारी है। ब्रिडकुल ने इसे लेकर प्रस्ताव बनाया है। निजी कंपनी की मदद से कूड़ा करकट का निस्तारण किया जाएगा। ये प्लांट संचालित करने को लेकर कंपनी को कोई वित्तीय भुगतान नहीं करना होगा। संबंधित कंपनी प्लांट में कूड़ा करकट से तैयार होने वाली ईंटोें व खाद से अपने वित्तीय संसाधनों को विकसित करेगी।
ब्रिडकुल के प्रबंध निदेशक मनोज सेमवाल ने बताया कि कुछ कंपनियोें ने शहर के कुछ इलाकों में कम क्षमता के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने की इच्छा जताई है। ब्रिडकुल प्रबंध निदेशक के मुताबिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट छोटी सी जगह में लगाए जाएंगे। इन प्लांट को लगाने व संचालित करने को लेकर सरकार पर वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। प्लांट लगाने वाली कंपनी कूड़ा करकट से बनने वाली ईंटाें व खाद से ही अपने खर्च पूरा करेगी।
प्रबंध निदेशक सेमवाल के मुताबिक कंपनी झारखंड के देवघर, यूपी के गाजियाबाद, नई दिल्ली के निगमबोध घाट, हरियाणा के गुरुग्राम में प्लांट लगा चुकी है। प्रबंध निदेशक के मुताबिक इस संबंध में जल्द ही नगर निगम समेत तमाम संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। उल्लेखनीय है कि ब्रिडकुल ने राजधानी में स्मार्ट पार्किंग के साथ ही स्मार्ट सिग्नल सिस्टम लगाने की पहल की है।