ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
‘सौभाग्य’ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना के तहत 31 दिसंबर तक प्रदेश के सभी घरों में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य हरहाल में पूरा कर लिया जाएगा। योजना के तहत राज्य में 417000 घरों में बिजली कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है।
ये बातें मंगलवार को केेंद्र सरकार के रूरल इलेक्ट्रिीफिकेशन कारपोरेशन (आरईसी) के अधिशासी निदेशक जीएस भाटी ने यूपीसीएल मुख्यालय में समीक्षा बैठक में कहीं। बैठक में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक समेत अन्य अफसर शामिल रहे। भाटी ने कार्य योजनाआें को हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा करने की हिदायत दी है।
बता दें, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य ज्योति योजना के तहत राज्य में एक लाख बीपीएल परिवारों को बिजली कनेक्शन दिया जाना है। इसके अलावा सौभाग्य योजना के तहत 317000 परिवारों को बिजली से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने बताया कि दोनों योजनाओं के लक्ष्य 31 दिसंबर तक हासिल कर लिए जाएंगे। योजनाओं की समय समय पर समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा संबंधित मुख्य अभियंताआें, अधीक्षण व अधिशासी अभियंताआें को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।